|
भाजपा सरकार
चुनावी वायदे भूली: पचौरी
कांग्रेस
प्रदेशाध्यक्ष की पत्रकारवार्ता
सागर (डेली हिंदी न्यूज)। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश पचौरी ने कहा है
कि प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने पिछले चुनावों में
सड़क, बिजली और पानी के मुद्दों पर जनता से किए वायदों को पूरा नहीं किया है।
उन्होंने भाजपा पर केंद्र के खिलाफ मिथ्या दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया।
श्री पचौरी आज यहां अपने दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन एक संवाददाता
सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने वायदों
को पूरा करने में असफल रही है और इस असफलता को छिपाने के लिए वह केंद्र सरकार
पर भेदभाव के झूठे आरोप लगा रही है। श्री पचौरी ने कहा कि प्रदेश की दुर्दशा
के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है और उसे इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने पत्रकारों के सामने आंकड़ों का पिटारा खोल दिया और साबित करने की
कोशिश की कि भाजपा सरकार किस तरह तथ्यों को तोड़-मरोड़ रही है। श्री पचौरी
ने कहा कि चार साल पहले प्रदेश पर 32 हजार करोड़ रुपए का ऋण था जो अब बढ़कर
52 हजार करोड़ रुपए हो चुका है। लेकिन मुख्यमंत्री घोषणा पर घोषणा कर रहे
हैं।
श्री पचौरी ने कहा कि अगले चुनावों में पार्टी नेतृत्व के प्रति आस्थावान
और जीत की संभावना रखने वाले प्रत्याशियों को ही टिकट दिया जाएगा। उन्होंने
स्वीकार किया कि पार्टी में गुटबाजी है लेकिन समस्याओं को बातचीत के जरिए
दूर कर लिया जाएगा। आपराधिक छवि वाले लोगों को टिकट देने के मामले में
उन्होंने कहा कि राजनीतिक द्वेषवश बनाए गए मामलों में पार्टी का निर्णय अलग
होगा। |