|
कांग्रेस अध्यक्ष पचौरी आज सागर में
सागर (डेली हिंदी न्यूज)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी आज सागर के
दो दिवसीय दौरे पर यहां आ रहे हैं। श्री पचौरी की प्रदेशाध्यक्ष के रूप में
यह पहली सागर यात्रा है। वे शाम को तीन बत्ती पर एक आमसभा को संबोधित करेंगे।
श्री पचौरी के स्वागत के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर को झंडे, बैनर और
पोस्टरों से पाट दिया है। श्री पचौरी रात्रि विश्राम सागर में करने के बाद
रविवार की सुबह भोपाल रवाना होंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा दी गई अधिकृत जानकारी के अनुसार श्री पचौरी दोपहर
बाद करीब साढ़े तीन बजे सागर पहुंचेगे। कांग्रेस कार्यकर्ता उनका बहेरिया
तिराहे पर स्वागत करने के बाद एक जुलूस की शक्ल में श्री पचौरी को शहर लेकर
आएंगे। भगवानगंज में शाम साढ़े चार बजे श्री पचौरी भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा
पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद वहां से एक रैली शहर के मुख्य मार्गों से
होती हुई तीन बत्ती पहुंचेगी। वहां श्री पचौरी एक आमसभा को संबोधित करेंगे।
आमसभा के बाद श्री पचौरी स्थानीय सर्किट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और
नेताओं से भेंट करेंगे।
श्रभ् पचौरी ने इससे पहले शुक्रवार को संभाग के टीकमगढ़ और दमोह जिलों में
आमसभाओं को संबोधित किया। उनका यह दौरा भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ कांग्रेस
के उस अभियान का हिस्सा है जो भाजपा के कथित कुप्रचार का विरोध करने के लिए
पार्टी ने हाल ही में शुरू किया है। राजनीतिक हलकों में इसे विधानसभा चुनावों
के लिए प्रचार की शुरुआत के रूप में भी देखा जा रहा है। श्री पचौरी रात को
सागर में विश्राम करने के बाद रविवार की सुबह पत्रकारों से बातचीत करने के
बाद कार से भोपाल रवाना होंगे। |

|